UPSC Civil Services Final Result 2024: प्रयागराज की शक्ति दुबे ने किया टॉप, बनीं AIR-1



नई दिल्ली/प्रयागराज: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने 22 अप्रैल 2025 को सिविल सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में प्रयागराज की शक्ति दुबे ने अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम रैंक (AIR-1) प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल प्रयागराज बल्कि पूरे देश में खुशी की लहर है।


इस वर्ष कुल 1,009 उम्मीदवारों का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और अन्य केंद्रीय सेवाओं (ग्रुप A व B) के लिए हुआ है। चयनित उम्मीदवारों में 335 सामान्य वर्ग, 109 EWS, 318 OBC, 160 SC, 87 ST और 45 PwBD वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं। जबकि 1,132 रिक्तियों के विरुद्ध यह चयन हुआ है।
शीर्ष 10 में शामिल अन्य उम्मीदवार हैं:
2. हर्षिता गोयल
3. डोंगरे अर्चित पराग
4. शाह मार्गी चिराग
5. आकाश गर्ग
6. कोमल पुनिया
7. आयुषी बंसल
8. राज कृष्ण झा
9. आदित्य विक्रम अग्रवाल
10. मयंक त्रिपाठी
शक्ति दुबे की प्रेरणादायक यात्रा:
शक्ति दुबे ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से बायोकैमेस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। 2018 में एमएससी पूरी करने के बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की। उनके समर्पण और कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि वे आज देश की सबसे कठिन परीक्षा की टॉपर बनी हैं। सोशल मीडिया पर शक्ति को देशभर से बधाइयां मिल रही हैं और वे लाखों अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
UPSC परीक्षा 2024 की प्रमुख तिथियां:
- प्रारंभिक परीक्षा: 16 जून 2024
- मुख्य परीक्षा: 20 से 29 सितंबर 2024
- साक्षात्कार (पर्सनैलिटी टेस्ट): 7 जनवरी से 17 अप्रैल 2025
परीक्षा में कुल 5-6 लाख उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 2,845 अभ्यर्थी इंटरव्यू राउंड तक पहुंचे थे। आयोग ने 241 उम्मीदवारों का परिणाम अस्थायी रखा है और 230 उम्मीदवारों की एक रिज़र्व लिस्ट भी जारी की है।
शक्ति दुबे की सफलता से पूरे प्रयागराज में जश्न का माहौल है और उनकी यह उपलब्धि लाखों युवाओं को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा दे रही है।
