6 दिन का रेल ब्लॉक, 4 जोड़ी MEMU रद्द; टाटानगर जाने वाली ट्रेनें भी प्रभावित

जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में विकास और मेंटेनेंस कार्यों के लिए सोमवार 31 अगस्त से 5 सितंबर तक संयुक्त रोलिंग ब्लॉक लिया जा रहा है. इस दौरान इंजीनियरिंग, टीआरडी और सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग आधुनिकीकरण व रखरखाव से जुड़े काम करेंगे. इसका असर आद्रा मंडल से गुजरने वाली कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों पर पड़ेगा. रेलवे ने कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करने, जबकि कुछ को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट करने का निर्णय लिया है. 31 अगस्त से 6 सितंबर के बीच अलग-अलग तारीखों पर चार जोड़ी मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी. इनमें आसनसोल-आद्रा-आसनसोल, आद्रा-मिदनापुर-आद्रा, आद्रा-विष्णुपुर-आद्रा और आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल रूट की ट्रेनें शामिल हैं.


टाटानगर से आने-जाने वाले यात्रियों पर भी इसका असर पड़ेगा. आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल मेमू (68055-68056) को 31 अगस्त, 3 सितंबर और 5 सितंबर को आद्रा में ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जायेगा और वहीं से शॉर्ट ओरिजिनेट किया जायेगा. इन तारीखों पर आद्रा और टाटानगर के बीच ट्रेन नहीं चलेगी. इसके अलावा चक्रधरपुर, गोमो, बोकारो, हटिया और पुरुलिया रूट की कई पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन और समय में भी अस्थायी बदलाव किया गया है. दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय ने संयुक्त रोलिंग ब्लॉक की कार्य योजना को मंजूरी दे दी है.


