थाना दिवस में 372 शिकायतें पहुंचीं, 292 मामलों का मौके पर समाधान; 11 में FIR



बोकारो : जिले में प्रत्येक गुरुवार थाना और ओपी स्तर पर आयोजित किए जा रहे थाना दिवस के दौरान 9 जुलाई से 13 अगस्त तक कुल 372 शिकायतें पहुंचीं। इनमें 292 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, 69 मामले लंबित हैं और 11 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई। यह व्यवस्था जिले के 42 थाना और ओपी क्षेत्रों में आम लोगों की जमीन, राजस्व, पारिवारिक तथा अन्य स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुरू की गई है।


थाना दिवस में भूमि विवाद, जमीन बंटवारा, स्वामित्व, निर्माण कार्य रोकने, राजस्व और आपसी विवाद से जुड़े मामले सबसे ज्यादा सामने आए। पुलिस का प्रयास छोटे विवादों को शुरुआती स्तर पर बातचीत और आपसी सहमति से सुलझाने का है, ताकि वे आगे चलकर मुकदमेबाजी में न बदलें। गोमिया थाना में तीन भूमि विवाद पहुंचे, जिनमें एक का समाधान किया गया जबकि जरूरी कागजात नहीं मिलने के कारण दो मामले लंबित रहे।
एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि थाना दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतों का समाधान करना नहीं, बल्कि लोगों को कानूनी पहलुओं के प्रति जागरूक करना भी है। जिले के 42 थाना और ओपी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि छोटे विवादों को समय रहते सुलझाया जा सके और सामाजिक समरसता बनी रहे।


