करोड़ों के पन्ना के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, गुप्त सौदे का पुलिस ने किया खुलासा

पूर्वी सिंहभूम : बहरागोड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के कीमती पन्ना पत्थर की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार शाम पीडब्ल्यूडी चौक के पास घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा। बरामद पन्ना का वजन करीब एक किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में दो गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के मुढ़ाकाटी गांव के रहने वाले हैं, जबकि एक श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र का निवासी है।


पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह एक संदिग्ध को पीडब्ल्यूडी चौक से हिरासत में लिया गया था। उससे मिली जानकारी के आधार पर शाम को दो अन्य तस्करों को पन्ना के साथ पकड़ा गया। थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पन्ना को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता ले जाकर किसी बड़े खरीदार को पहुंचाने की तैयारी थी। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
गौरतलब है कि गुड़ाबांदा प्रखंड के ठुरकुगोड़ा, बारुणमुठी और बाउटिया की पहाड़ियों में पन्ना, नीलम और अभ्रक के भंडार मौजूद हैं। पहले भी अवैध खनन को लेकर कार्रवाई हो चुकी है और सुरंगों को बंद किया गया था। इसके बावजूद चोरी-छिपे खनन और तस्करी का मामला सामने आता रहा है।


