दोस्तों संग नहाने गया 19 साल का सलमान कपाली नदी में डूबा, घंटों बाद मिला शव



सरायकेला-खरसावां : कपाली ओपी क्षेत्र के पुड़ीसिल्ली स्थित लक्ष्मी ईंट भट्टा के समीप कपाली नदी में शनिवार को एक 19 वर्षीय युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मानगो जवाहरनगर रोड नंबर-14 निवासी मोहम्मद सलमान, पुत्र मोहम्मद सरफराज के रूप में हुई है। वह अपने दो दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, तभी अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह पानी में लापता हो गया।


सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चांडिल इंस्पेक्टर रवि सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से सघन खोज अभियान चलाया गया और काफी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया।
शव मिलने की सूचना पर परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने बरसात के मौसम में गहरे पानी वाले क्षेत्रों से दूर रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।


