फर्जी दस्तावेजों से 19 विदेशियों ने बनवाए भारतीय पासपोर्ट, सभी पासपोर्ट रद्द



जमशेदपुर : झारखंड में जनवरी से अगस्त 2026 के बीच 19 विदेशियों द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। पासपोर्ट वेरिफिकेशन के दौरान इनकी पहचान हुई, जिसके बाद सभी के पासपोर्ट खारिज कर दिए गए। इनमें सबसे अधिक नौ मामले जमशेदपुर के हैं। इसके अलावा धनबाद के तीन, रांची और पश्चिमी सिंहभूम के दो-दो तथा बोकारो, साहिबगंज और ओडिशा के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।


रांची स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की दोबारा जांच में इन लोगों की नागरिकता संदिग्ध मिली और सामने आया कि वे भारत के नहीं, बल्कि दूसरे देशों के नागरिक हैं। इनमें अफगानी, बांग्लादेशी समेत अन्य देशों के नागरिक शामिल हैं। जांच में सामने आया कि भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के लिए फर्जी आधार, पैन कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र समेत गलत पहचान से जुड़े दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया था। जमशेदपुर के नौ मामलों में वे तीन अफगानी नागरिक भी शामिल हैं, जिनके लंबे समय से शहर में रहने और फर्जी कागजात के जरिए मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का मामला सामने आया था।
पासपोर्ट कार्यालय ने संबंधित जिलों के डीसी, एसएसपी या एसपी और देश की सुरक्षा एजेंसियों को मामले की जानकारी दी है। अब पुलिस एफआईआर दर्ज कर संबंधित लोगों को जेल भेजने की कार्रवाई करेगी। पासपोर्ट कार्यालय संदिग्ध पासपोर्ट, आवेदन पत्र, दस्तावेज और पुलिस सत्यापन रिकॉर्ड की भी जांच कर रहा है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि दस्तावेजों की जांच और पुलिस वेरिफिकेशन में चूक कैसे हुई तथा इस फर्जीवाड़े में पासपोर्ट विभाग या पुलिस प्रशासन से जुड़े किसी व्यक्ति की संलिप्तता थी या नहीं।


