गरगा नदी में गिर रहा नालियों का गंदा पानी, जलस्रोत संरक्षण पर उठे सवाल

बोकारो : शहर के जलस्रोतों को बचाने के लिए प्रशासन और नगर निगम की ओर से अभियान चलाए जाने के दावों के बीच चास की गरगा नदी में नालियों का गंदा पानी गिर रहा है। भोजपुर कॉलोनी के पास नदी में दूषित पानी का बहाव स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। शिवपुरी कॉलोनी निवासी कौशल किशोर ने इस पर नाराजगी जताते हुए जलस्रोतों के संरक्षण के लिए आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि वह वर्षों से महतोबांध, सोलागिडीह तालाब समेत क्षेत्र के अन्य जलस्रोतों को बचाने के लिए अभियान चला रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम क्षेत्र में कहीं तालाब और नदी की जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा है तो कहीं नालियों का दूषित पानी सीधे जलस्रोतों में छोड़ा जा रहा है। इस संबंध में निगम प्रशासन और अंचलाधिकारी को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। गरगा नदी के चिराचास और पांडेय पुल के पास भी अतिक्रमण तथा भूमिगत नालियों से गंदा पानी गिरने का मामला सामने आता रहा है। समाजसेवी संजय सिंह ने कहा कि गरगा नदी शहर का महत्वपूर्ण जलस्रोत है और इसमें गंदा पानी गिरना पर्यावरण तथा नदी के अस्तित्व के लिए गंभीर खतरा है।
चास नगर निगम के अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार ने बताया कि इस समस्या को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। गरगा नदी और क्षेत्र के तालाबों में गंदे पानी का बहाव रोकने के लिए कार्रवाई की जाएगी। जांच में सीधे गंदा पानी गिराने की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ निगम एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।


