ऑपरेशन साइबर शील्ड में 11 गिरफ्तार, 2.85 लाख रुपये नकद और 19 मोबाइल बरामद

धनबाद : जामताड़ा से सटे निरसा थाना क्षेत्र में साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों की सूचना के बाद धनबाद पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत पिठाक्यारी गांव में कार्रवाई कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर ग्रामीण एसपी एस याकूब के नेतृत्व में गठित टीम में 35 पुलिस पदाधिकारी और 120 पुरुष व महिला पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस के अनुसार एक अक्तूबर को मिली सूचना को तकनीकी इनपुट के जरिए सत्यापित करने के बाद छापेमारी की गयी।

कार्रवाई में करीब 2.85 लाख रुपये नकद, 19 मोबाइल फोन, सात एटीएम व डेबिट कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, पांच आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और साइबर फ्रॉड से जुड़े विवरण वाली एक डायरी बरामद की गयी। पुलिस अब मोबाइल, बैंकिंग दस्तावेज और डायरी की जांच कर कथित साइबर गतिविधियों और बैंकिंग लेन-देन से जुड़ी कड़ियों का पता लगा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास और श्यामसुंदर रविदास समेत कुछ लोगों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार लोगों में श्यामसुंदर रविदास (22), राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास (लगभग 26), सचिन रविदास (लगभग 29), मलय रविदास (लगभग 30), श्यामापदो रविदास (लगभग 39), झंटू ठाकुर (लगभग 24), कुंदन वर्णवाल (लगभग 26), अरमान रविदास (लगभग 19), अजय रविदास (लगभग 35), विजय रविदास (लगभग 25) और सागर रविदास (लगभग 29) शामिल हैं। सभी पिठाक्यारी गांव के निवासी बताये गये हैं। मामले में निरसा थाना कांड संख्या 334/2026, दिनांक 2 अक्तूबर 2026 के तहत बीएनएस और आइटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।


