108 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल टली, अब 26 अक्टूबर से होगी अनिश्चितकालीन हड़ताल

जमशेदपुर : 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की प्रस्तावित राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल अब 21 अक्टूबर के बजाय 26 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने दुर्गा पूजा, विजयादशमी और लोगों की आपातकालीन जरूरतों को देखते हुए यह फैसला लिया है। 25 अक्टूबर की रात 12:30 बजे तक सेवा सामान्य रूप से चलेगी, और 26 अक्टूबर की रात 00:01 बजे से हड़ताल शुरू होगी।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह से फोन पर बात हुई थी, जिसमें लंबित मांगों पर विचार कर समाधान का आश्वासन मिला। संघ ने सरकार से अपील की है कि हड़ताल से पहले वार्ता के जरिए मांगों का समाधान निकाला जाए। ऐसा न होने पर 26 अक्टूबर से हड़ताल होगी।


