घर के बाहर टहलने निकला युवक, 5-6 बदमाशों ने चाकू-चापड़ से किया हमला; हालत गंभीर

जमशेदपुर : बर्मामाइंस मुस्लिम बस्ती कब्रिस्तान के पास शनिवार रात करीब 9:30 बजे विवाद के दौरान कैरेज कॉलोनी निवासी राजा कर्मकार पर पांच से छह युवकों ने चाकू, चापड़ और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। राजा घर से बाहर टहलने निकला था, तभी उस पर हमला हुआ। हमलावरों ने उसके पेट, गर्दन और हाथ पर चाकू से वार किया। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गये। जानकारी मिलने पर परिजन और बर्मामाइंस थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल राजा को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।


परिजनों के अनुसार हमलावरों में बाबू और रितिक समेत पांच से छह युवक शामिल थे। पुलिस का कहना है कि घटना आपसी विवाद से जुड़ी है और मामले की जांच की जा रही है। इसी बीच टेल्को के न्यू सेक्टर मार्केट में शुक्रवार देर शाम युवकों के बीच मारपीट का एक अन्य मामला सामने आया। मारपीट के दौरान एक नाबालिग बचने के लिए होटल में घुस गया, जिसके पीछे हमलावर भी पहुंच गये और होटल के शीशे व सामान को नुकसान पहुंचाया। घायल नाबालिग टेल्को के एक स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र है, जबकि दूसरे पक्ष के युवक भी उसी स्कूल के छात्र हैं। पुलिस के मुताबिक स्कूल में विवाद के बाद मारपीट हुई थी। किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी और दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिस ने युवक द्वारा हथियार लहराने की बात से इनकार किया है.


