17.274 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, कार भी जब्त

जमशेदपुर : आरआईटी थाना पुलिस ने आरआईटी दालान के सहयोग से छोटा चौक के समीप कार्रवाई करते हुए 17.274 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये है।


ग्रामीण एसपी ऋषभ खंडेलवाल ने बताया कि एक संदिग्ध युवक के बैग और बक्से के साथ छोटा चौक की ओर जाने की सूचना मिली थी। वरीय पुलिस अधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके सूटकेस से 14 और पिट्ठू बैग से तीन सील पैकेट गांजा बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी 22 वर्षीय मनीष यादव के रूप में हुई है। उसके पास से एक आईफोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी।


