मजदूरी मांगने पर युवक को खौलते तेल की कड़ाही में धकेलने का आरोप, आठ दिन बाद मौत

नालंदा : नूरसराय थाना क्षेत्र के दरुआरा बथानी में मजदूरी के पैसे मांगने पर 30 वर्षीय युवक को खौलते तेल की कड़ाही में धकेलने का गंभीर आरोप सामने आया है। घटना में बुरी तरह झुलसे कामो चौहान की आठ दिनों तक इलाज चलने के बाद सोमवार सुबह मौत हो गई। मृतक बालगोविंद चौहान का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, उसके इलाज में छह लाख रुपये से अधिक खर्च हुए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक के बड़े भाई सूबे चौहान ने कोंदी गांव निवासी चाचा-भतीजा दिलीप और राजा पर मारपीट करने और खौलते तेल में धकेलने का आरोप लगाया है।


परिजनों ने बताया कि कामो चौहान दूसरे प्रदेश में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। इसी दौरान दिलीप और राजा उसे दरुआरा बथानी में आयोजित ब्रह्मभोज में हलवाई के काम में सहयोग करने के लिए ले गए थे। सूबे चौहान के अनुसार, चार अक्टूबर की रात करीब आठ बजे काम समाप्त होने के बाद कामो ने मजदूरी मांगी, जिसे लेकर विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि दोनों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर खौलते तेल की कड़ाही में धकेल दिया। गंभीर रूप से झुलसे कामो को पहले सदर अस्पताल बिहारशरीफ ले जाया गया, जहां से पावापुरी रेफर किया गया। इसके बाद पटना, रिम्स और निजी अस्पतालों में भी उसका इलाज कराया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
कामो चौहान अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों समेत परिवार छोड़ गया है। परिजनों का कहना है कि पावापुरी में उनके पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गए थे। नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


