“EMI कहां से भरेंगे, घर कैसे चलाएंगे?” नौकरी पर संकट के बीच प्रोजेक्ट भवन में डटे JSSC कर्मी

रांची : JSSC CGL को लेकर जारी विवाद के बीच चयनित कर्मचारियों का आंदोलन बुधवार को और तेज हो गया। कर्मचारी रांची के प्रोजेक्ट भवन के बाहर धरने पर बैठे और बाद में झारखंड मंत्रालय परिसर में प्रवेश कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। कर्मचारियों का कहना है कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने नौकरी ज्वाइन की और कई लोग महीनों से सेवा दे रहे हैं, लेकिन अब लिए जा रहे फैसलों से उनकी नौकरी पर संकट खड़ा हो गया है।प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि नौकरी चली गई तो उनके सामने EMI, बच्चों की स्कूल फीस, बैंक लोन और घर चलाने जैसी गंभीर आर्थिक परेशानियां खड़ी हो जाएंगी। कई कर्मचारियों ने दूसरी नौकरियां छोड़कर JSSC CGL के जरिए मिली सरकारी सेवा ज्वाइन की थी। उनका कहना है कि परीक्षा में यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, लेकिन पूरी प्रक्रिया के बाद चयनित होकर काम कर रहे कर्मचारियों को इसका खामियाजा नहीं भुगतना चाहिए।झारखंड सरकार की ओर से 44 परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर कार्रवाई के फैसले के बाद चयनित कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों ने अपने भविष्य और सेवा सुरक्षा को लेकर सरकार से स्पष्ट निर्णय की मांग की है। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। मंत्रालय परिसर में प्रदर्शन के बाद सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है.



