IND vs NZ तीसरे वनडे से पहले महाकाल का आशीर्वाद लेने पहुंचे विराट कोहली


Indore : इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड तीन मैच की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला रविवार, 18 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाना है। जबरदस्त फॉर्म में चटल रहे टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस मुकाबले से पहले महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव भी नजर आए। कोहली और कुलदीप इस दौरान महाकाल की भस्म आर्ती में भी शामिल हुए। महाकाल के दर्शन करने के बाद यह दोनों खिलाड़ी आज इंदौर के लिए रवाना होंगे।कोहली पिछले कुछ समय से बेहतरीन फॉर्म में हैं। वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में उन्होंने 93 रनों की मैच-विनिंग पारी खेलकर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने सात विकेट से जीतकर सीरीज बराबर कर दी, जिससे तीसरे मैच का रोमांच बढ़ गया। ऐसे में कोहली का उज्जैन पहुंचना फैंस के बीच एक दिलचस्प विषय बन गया।लगातार रन बनाते हुए कोहली ने कई रिकॉर्ड्स फिर से जीवंत कर दिए हैं। न्यूजीलैंड सीरीज में शानदार शुरुआत के बाद वह आईसीसी पुरुष वनडे बैटिंग रैंकिंग में जुलाई 2021 के बाद पहली बार नंबर-एक पर लौट आए। यह 11वीं बार है जब कोहली शीर्ष पर पहुंचे हैं। पिछले छह मैचों में उनका प्रदर्शन अद्भुत रहा है। उनके हालिया स्कोर- 23, 93, 135, 102, 65* और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 74* रन हैं।कोहली ने अक्तूबर 2013 में पहली बार रैंकिंग का शीर्ष स्थान हासिल किया था। अब तक वह 825 दिन नंबर-एक पर रह चुके हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज के लिए सबसे ज्यादा है। यह आंकड़ा उन्हें ऑल-टाइम लिस्ट में 10वें स्थान पर रखता है, जहां शीर्ष पर वेस्टइंडीज के महान विवियन रिचर्ड्स (2,306 दिन) मौजूद हैं।




