होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी पर बवाल, पार्षदों ने सरकार को घेरा


जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स बढ़ाने के सरकार के फैसले को लेकर पार्षदों और पदाधिकारियों ने कड़ा विरोध जताया है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जहां क्षेत्र में अभी भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है, वहीं आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना गलत है।

पार्षद अनिल मोदी ने इस फैसले को अवैज्ञानिक बताते हुए कहा कि करीब तीन साल पहले भी टैक्स बढ़ाया गया था, जिसे भारी विरोध के बाद वापस लेना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही इलाके में समान प्रकार के मकानों पर अलग-अलग टैक्स लगाया जा रहा है। सरकार भले 15–20% वृद्धि की बात कर रही हो, लेकिन कई मामलों में यह बढ़ोतरी लगभग दोगुनी हो रही है, जिससे मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों पर सीधा असर पड़ेगा।
नगर परिषद की उपाध्यक्ष अर्चना दुबे ने कहा कि टैक्स बढ़ोतरी के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता लगातार सवाल उठा रही है। पार्षदों ने मांग की है कि इस निर्णय को तुरंत वापस लिया जाए, पहले बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया जाए और टैक्स निर्धारण के लिए पारदर्शी व वैज्ञानिक प्रणाली लागू की जाए।


