मामा ने खिलौना बताकर थमाई पिस्टल, गोली चलने से 3 साल के भांजे की मौत

बोकारो : माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मुहल्ले में शनिवार सुबह गोली लगने से 3 साल के साहिल राज की मौत हो गई। आरोप है कि बच्चे के सगे मामा राजेश कुमार ने उसे खिलौना बताकर असली पिस्टल थमा दी थी। बच्चा पिस्टल से खेलने लगा और इसी दौरान ट्रिगर दबने से गोली उसके सिर के आर-पार हो गई। घटना के बाद 21 साल का आरोपी मामा मौके से फरार हो गया।

मृतक की मां के अनुसार, वह साहिल को दूध-रोटी खिला रही थीं, तभी उनका भाई राजेश घर पहुंचा। बच्चे ने मामा से चॉकलेट मांगी तो राजेश ने चॉकलेट खाने से मना करते हुए खिलौना देने की बात कही और पिस्टल थमा दी। मां भी यह नहीं समझ सकीं कि पिस्टल असली है। इसी बीच अचानक गोली चल गई और साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर बच्चे के पिता शंकर राम और आसपास के लोग घर पहुंचे, लेकिन तब तक राजेश फरार हो चुका था। घटना के बाद बच्चे की मां बेसुध हो गईं और परिवार में मातम छा गया।
सूचना मिलने पर माराफारी इंस्पेक्टर संजय कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिस्टल जब्त कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी राजेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


