चेक डैम में नहाने गए दो युवक डूबे, NDRF करेगी तलाश

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में रविवार दोपहर आसंगी चेक डैम में नहाने गए दो युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। डूबने वाले युवकों की पहचान बंता नगर निवासी सोनू लोहार और मिरुडीह निवासी शुभम शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक दोपहर में चेक डैम पर नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद मांगी और स्थानीय लोगों ने RIT थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही RIT थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। देर तक चले रेस्क्यू के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका। थाना प्रभारी के अनुसार चेक डैम में पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण तलाशी अभियान में परेशानी आ रही है। पुलिस ने NDRF को भी सूचना दी है और सोमवार सुबह NDRF की टीम दोबारा तलाशी अभियान चलाएगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों युवकों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। युवकों के डूबने की खबर से परिवारों में मातम पसरा है।
आसंगी चेक डैम पर इससे पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यहां चेतावनी बोर्ड लगाए हैं और नदी में उतरने पर रोक भी है। इसके बावजूद लोग लगातार खतरे को नजरअंदाज कर रहे हैं। खबर के अनुसार इस साल अब तक आसंगी चेक डैम में पांच युवकों की डूबने से मौत हो चुकी है। इनमें आदित्यपुर-2 के पथ संख्या 11 और 21 के दो युवक, एम-टाइप और कल्पनापुरी के दो युवक तथा NIT के एक छात्र शामिल हैं।


