चेक डैम में नहाने गए दो छात्रों की डूबकर मौत, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी


सरायकेला-खरसावां : आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी स्थित खरकाई नदी पर बने चेक डैम में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सेंट्रल पब्लिक स्कूल (सीपीएस) के दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गोडविन थॉमस, रौनक भारद्वाज और प्रशांत कुमार स्कूल से निकलकर चेक डैम की ओर गए थे। नहाने के दौरान गोडविन और रौनक ने पानी में छलांग लगाई, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण दोनों डूबने लगे।

साथ मौजूद प्रशांत ने तुरंत मदद के लिए शोर मचाया और परिजनों व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रौनक भारद्वाज का शव बरामद कर लिया गया, जबकि गोडविन थॉमस की तलाश देर तक जारी रही।
दोनों छात्र नौवीं कक्षा में पढ़ते थे और अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे, जिससे पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है। रौनक आदित्यपुर कॉलोनी रोड नंबर 11 का निवासी था, जबकि गोडविन रोड नंबर 27 का रहने वाला था। इस घटना ने सुरक्षा और निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


