सड़क हादसे में दो भाइयों की दर्दनाक मौत, घर में शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं


कौशांबी : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जिससे जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं वहां खुशियों की जगह मातम छा गया। बताया गया कि सैनी थाना क्षेत्र के गणपा गांव के रहने वाले लक्ष्मण और उनका चचेरा भाई अंकित रविवार देर रात एक भंडारे के कार्यक्रम से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे।

रास्ते में कोखराज थाना क्षेत्र के ककोड़ा गांव के पास प्रयागराज-कानपुर मार्ग पर पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लक्ष्मण ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
परिवार में लगातार शादियों की तैयारियां चल रही थीं। सोमवार को चचेरी बहन की बारात आनी थी और अगले दिन लक्ष्मण के जुड़वा भाई की शादी होने वाली थी, लेकिन इस हादसे के बाद पूरे घर का माहौल गम में बदल गया और गांव में भी शोक का माहौल है।



