विद्यालय में वृक्षारोपण के साथ जीवन-मूल्य संवर्धन कार्यक्रम आयोजित

जमशेदपुर : न्यू बाराद्वारी स्थित पीएम श्री उत्क्रमित पीपुल्स अकादमी +2 विद्यालय एवं जिला पुस्तकालय के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को वृक्षारोपण सह जीवन-मूल्य संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें मानवीय एवं नैतिक मूल्यों का विकास करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विहंगम योग के प्रांतीय अध्यक्ष एवं समाजसेवी कन्हैयालाल अग्रवाल शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि शशि शेखर प्रसाद सिंह और टी. शशि कुमार भी मौजूद रहे।


अतिथियों ने कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों के प्रति निष्ठा सशक्त समाज के निर्माण का आधार है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजदेव सिन्हा ने कहा कि जिस प्रकार पौधे के विकास के लिए खाद-पानी और देखभाल जरूरी है, उसी प्रकार अच्छे संस्कारों और निरंतर प्रयास से मानवीय मूल्यों का विकास होता है। विद्यालय के प्राचार्य चन्द्रदीप पाण्डेय ने विद्यार्थियों में जीवन-मूल्यों में आ रही गिरावट पर चिंता जताते हुए अनुशासन, संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री या रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्रवान नागरिक तैयार करना भी है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सुषमा ने किया। इसके बाद अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। इस अवसर पर पुस्तकालयाध्यक्ष कौशिक दत्ता सहित सभी शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।


