म्यूचुअल फंड निवेश के नाम पर करीब ₹9 लाख की ठगी का आरोप, एक ही परिवार की तीन महिलाएं पीड़ित

जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के आकाशदीप प्लाजा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास म्यूचुअल फंड में निवेश के नाम पर एक ही परिवार की तीन महिलाओं से करीब 9 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने संतोष कुमार पर बेहतर रिटर्न और तय समय में रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर पैसे लेने का आरोप लगाया है। परिवार की तीन महिलाओं ने मिलकर करीब 9 लाख रुपये निवेश किए थे।


एक महिला ने 8 लाख रुपये, पूजा देवी ने 50 हजार और सोनी देवी ने भी 50 हजार रुपये लगाए थे। महिला ने बताया कि वह करीब 10 वर्षों से संतोष कुमार के संपर्क में थी और पहले उसके माध्यम से निवेश करने पर करीब 5 लाख रुपये वापस मिले थे। इसी भरोसे पर परिवार ने दोबारा निवेश किया। आरोप है कि संतोष कुमार 15 प्रतिशत रिटर्न और पांच साल में रकम दोगुनी करने का भरोसा देता था, लेकिन अब रकम के बारे में पूछने पर उसके नहीं मिलने की बात सामने आई।
पीड़ितों का दावा है कि करीब 50 लोगों के पैसे फंसे हैं। कुछ लोगों ने सिदगोड़ा थाना में आवेदन दिया है। पुलिस ने अन्य पीड़ितों से भी लिखित शिकायत देने को कहा है।


