धनबाद में तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 शुरू, वैज्ञानिक जांच और आधुनिक तकनीकों पर रहेगा फोकस



धनबाद: धनबाद पुलिस केंद्र के सभागार में बुधवार से तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया। 5 अगस्त से 7 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन में पुलिस अधिकारियों और जवानों को आधुनिक जांच तकनीकों, वैज्ञानिक अनुसंधान और अपराध अनुसंधान की नई कार्यप्रणालियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।


उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट का उद्देश्य जांच प्रणाली को अधिक वैज्ञानिक, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाना है। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी, वैज्ञानिक अपराध स्थल निरीक्षण, साक्ष्य संग्रह और फॉरेंसिक तकनीकों से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया का संचालन सीआईडी और एफएसएल की विशेषज्ञ टीमें करेंगी, जिससे पुलिस अनुसंधान की गुणवत्ता में और सुधार होगा।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि इस तीन दिवसीय आयोजन से पुलिस अधिकारियों और जवानों को नवाचार, आधुनिक जांच पद्धतियों और संगठित अपराध से निपटने की नई तकनीकों को सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बदलती आपराधिक चुनौतियों के अनुरूप पुलिस लगातार अपनी क्षमता और दक्षता का विस्तार कर रही है।
इस अवसर पर एसएसपी प्रभात कुमार ने जिले में 1 अगस्त से पूरी तरह डिजिटल हुई पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल प्रणाली लागू होने से लंबित मामलों की संख्या में लगातार कमी आ रही है और नागरिकों को तेजी से सेवा मिल रही है।
उन्होंने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, रॉन्ग लेन में वाहन नहीं चलाने तथा सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की। साथ ही गोविंदपुर फ्लाईओवर निर्माण के कारण हो रही असुविधा को जल्द दूर करने का भरोसा भी दिलाया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह आयोजन न केवल जांच अधिकारियों की पेशेवर दक्षता बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराध अनुसंधान को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


