BMC चुनाव के लिए ठाकरे बंधुओं का घोषणापत्र जारी,


Mumbai : बीएमसी चुनाव को लेकर ठाकरे बंधुओं ने संयुक्त रूप से अपना घोषणापत्र जारी किया. इस मौके पर उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक मंच पर नजर आए. मैनिफेस्टो को ‘शिवशक्ति वचननामा’ नाम दिया गया है, जिसके कवर पेज पर बालासाहेब ठाकरे के साथ राज और उद्धव की तस्वीर लगाई गई है. घोषणापत्र में मुंबईवासियों बड़े वादे किए हैं.उद्धव ठाकरे ने घोषणापत्र जारी करते हुए मौजूदा राजनीतिक हालात पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश का माहौल ऐसा हो गया है, जहां लोकतंत्र की जगह भीड़तंत्र हावी होता नजर आ रहा है. उन्होंने सत्तारूढ़ गठबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले वोट चोरी हुए और अब उम्मीदवारों की चोरी की जा रही है. नगर निकाय चुनाव में कई सीटों पर उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने पर उद्धव ठाकरे ने राज्य चुनाव आयोग से मांग की कि जहां उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं, वहां चुनाव रद्द कर दोबारा प्रक्रिया शुरू की जाए.घोषणापत्र में मुंबई के ‘मुंबईपण’ और उसके ऐतिहासिक चरित्र को संरक्षित रखने पर जोर दिया गया है. गठबंधन ने कहा है कि शहर के सौंदर्यबोध और मूल पहचान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. मुंबई महापालिका की ओर से भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के नाम पर देश का सबसे बड़ा पुस्तकालय बनाया जाएगा. छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क स्थित संयुक्त महाराष्ट्र स्मृति दालान के नवीनीकरण के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम में मुंबई और महाराष्ट्र के योगदान को दर्शाने वाला विशेष स्मृति दालान भी बनाया जाएगा.मुंबई के ऐतिहासिक सफर को समर्पित एक अत्याधुनिक मुंबई म्यूज़ियम बनाने का भी वादा किया गया है, जिसमें सात द्वीपों से लेकर देश की आर्थिक राजधानी बनने तक की यात्रा, कपड़ा मिलों से आईटी हब बनने की कहानी और शहर के विकास में योगदान देने वाले उद्योगपतियों की भूमिका को दर्शाया जाएगा. बालासाहेब ठाकरे के नाम पर एक कला महाविद्यालय शुरू करने की भी घोषणा की गई है, जहां फाइन आर्ट्स, एप्लाइड आर्ट्स और सिनेमा तकनीक की पढ़ाई कराई जाएगी.घोषणापत्र में बेस्ट बस सेवा को मजबूत करने, सस्ती टिकट दरों, इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने और महिलाओं व छात्रों के लिए मुफ्त यात्रा जैसी घोषणाएं भी शामिल हैं. इसके साथ ही 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक जाम से राहत और फुटपाथों को पैदल यात्रियों के अनुकूल बनाने की बात कही गई है.घोषणापत्र में मुफ्त और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ बुजुर्गों के लिए 24×7 हेल्थ कंट्रोल रूम, घर-घर स्वास्थ्य सेवा और महापालिका की अपनी एंबुलेंस और शववाहिका सेवा शुरू करने की बात कही गई है. मुंबई का अपना सुपर स्पेशियलिटी कैंसर अस्पताल बनाने का भी वादा किया गया है.
कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर गठबंधन ने कहा है कि मुंबईकरों पर कचरा कर नहीं लगाया जाएगा. मानखुर्द डंपिंग ग्राउंड में बायो-माइनिंग पूरी होने के बाद वहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का उद्यान विकसित किया जाएगा. अगले दस वर्षों में कांजूरमार्ग कचराभूमि को बंद कर हर प्रभाग में स्थानीय स्तर पर कचरा प्रसंस्करण केंद्र बनाए जाएंगे.



