टाटा स्टील का दूसरी तिमाही में बेहतर प्रदर्शन, उत्पादन 10% और डिलीवरी 7% बढ़ी

जमशेदपुर : टाटा स्टील ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के प्रोविजनल उत्पादन और डिलीवरी आंकड़े जारी किए हैं। कंपनी के अनुसार, टाटा स्टील इंडिया का क्रूड स्टील उत्पादन 6.21 मिलियन टन रहा, जो पिछली तिमाही से 8% और पिछले वर्ष की समान तिमाही से 10% अधिक है। इस वृद्धि में जमशेदपुर और कलिंगानगर प्लांटों के बेहतर प्रदर्शन की प्रमुख भूमिका रही। अप्रैल से सितंबर तक वित्त वर्ष की पहली छमाही में उत्पादन 10% बढ़कर 11.97 मिलियन टन पहुंच गया। मौसमी बारिश और अन्य चुनौतियों के बावजूद दूसरी तिमाही में डिलीवरी 5.97 मिलियन टन रही, जो तिमाही आधार पर 15% और सालाना आधार पर 7% अधिक है। पहली छमाही में कुल डिलीवरी 8% बढ़कर 11.14 मिलियन टन दर्ज की गई।
कंपनी के ऑटोमोटिव एंड सोशल प्रोडक्ट्स वर्टिकल ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए करीब 1.1 मिलियन टन डिलीवरी की। इसमें कलिंगानगर की कंटीन्यूअस एनीलिंग एंड गैल्वनाइजिंग लाइन्स और जमशेदपुर की कॉम्बी मिल के क्षमता विस्तार का योगदान रहा। ब्रांडेड प्रोडक्ट्स एंड रिटेल सेगमेंट में रिकॉर्ड 2.2 मिलियन टन की तिमाही बिक्री हुई, जबकि टाटा टिस्कॉन ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दोहराया। कंस्ट्रक्शन एंड सॉल्यूशंस सेगमेंट की बिक्री 0.6 मिलियन टन रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 32% अधिक है। टाटा स्टील के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म आशियाना और डिजीइसीए का कुल मर्चेंडाइज वैल्यू 2,860 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
विदेशी कारोबार में टाटा स्टील नीदरलैंड्स का दूसरी तिमाही में लिक्विड स्टील उत्पादन 1.52 मिलियन टन और डिलीवरी 1.30 मिलियन टन रही। अगस्त 2026 में डायरेक्ट शीट प्लांट दोबारा शुरू होने से उत्पादन को गति मिली। टाटा स्टील यूके में 0.39 मिलियन टन डिलीवरी दर्ज की गई और लियानटर्न पिकलिंग लाइन में उत्पादन पूरी तरह सामान्य हो गया है। वहीं, टाटा स्टील थाईलैंड में बिक्री योग्य स्टील का उत्पादन 0.32 मिलियन टन और डिलीवरी 0.31 मिलियन टन रही। सितंबर में भारी बारिश के कारण वहां बिक्री पर मामूली प्रभाव पड़ा।




