जलियांवाला बाग एक्सप्रेस बंद करने का विरोध, डीआरएम ने दिया ट्रेन चालू रखने का भरोसा

जमशेदपुर : टाटानगर से अमृतसर जाने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को कोहरे के कारण बंद करने की रेलवे की घोषणा के विरोध में शुरू हुए आंदोलन के बीच बुधवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सिख समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि ट्रेन बंद नहीं होगी और आंदोलन की जरूरत नहीं पड़ेगी। डीआरएम ने बताया कि समाज की मांगों और भावनाओं से रेलवे बोर्ड को अवगत करा दिया गया है। जल्द सकारात्मक निर्णय आने की उम्मीद है।
सीजीपीसी चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने कहा कि सीमित दिनों तक चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के बंद होने से हजारों यात्रियों को परेशानी होगी। यह ट्रेन केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि सभी वर्गों के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से यात्री बोधगया, वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, हरिद्वार, अमृतसर और माता वैष्णो देवी जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। उन्होंने ट्रेन को सप्ताह में चार दिन चलाने की मांग की। इसके साथ ही टाटानगर-जम्मूतवी ट्रेन का परिचालन प्रतिदिन करने का प्रस्ताव भी रेलवे के सामने रखा गया।
साकची गुरुद्वारा पहुंचने पर डीआरएम तरुण हुरिया ने गुरु घर में मत्था टेका और इसके बाद सीजीपीसी प्रतिनिधियों तथा संगत के साथ बैठक की। उन्होंने समाज की समस्याओं और मांगों को सुना। सीजीपीसी की ओर से डीआरएम को शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने उनकी इस पहल की सराहना करते हुए जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन जारी रखने और यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग दोहराई।



