टाटा स्टील कलर्स के कर्मचारियों को 18% बोनस, अधिकतम मिलेंगे ₹95,771

जमशेदपुर : टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड (पूर्व में टाटा ब्लूस्कोप) के कर्मचारियों को 18 प्रतिशत बोनस मिलेगा। कर्मचारियों को अधिकतम 95,771 रुपये और न्यूनतम 34,722 रुपये बोनस के रूप में दिए जाएंगे, जबकि औसत बोनस राशि 66,752 रुपये होगी। मंगलवार को प्रबंधन और टाटा स्टील कलर्स इम्प्लॉइ यूनियन के बीच वार्षिक बोनस समझौते पर हस्ताक्षर हुए। इस दौरान प्लांट की उत्पादन क्षमता बढ़ाने, कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और उत्पाद की गुणवत्ता बेहतर करने पर भी चर्चा हुई।

नये फॉर्मूले के आधार पर शुरुआती गणना में 16 प्रतिशत बोनस के हिसाब से करीब 60 लाख रुपये की राशि तय हो रही थी। यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय ने प्रबंधन से इसे बढ़ाने का अनुरोध किया, जिसके बाद बोनस 18 प्रतिशत कर दिया गया। इससे कर्मचारियों के बीच बांटी जाने वाली कुल राशि बढ़कर लगभग 64 लाख रुपये हो गई। कंपनी के प्रबंध निदेशक प्रवीण वी थम्पी ने कर्मचारियों से सुरक्षा और उत्पादकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। वहीं, यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय ने महामंत्री संजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार श्रीवास्तव और उपाध्यक्ष हुसैनुल ओला कादरी के प्रयासों की सराहना की।
समझौते पर प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक प्रवीण वी. थम्पी, सीएचआरओ अनेशा प्रमाणिक, प्लांट हेड इंद्रनील बिस्वास, वीपी (सेल्स एंड मार्केटिंग) प्रखर अग्रवाल, एचआर डीजीएम राजेश त्रिपाठी और एचआर डिप्टी हेड मनीष कुमार ने हस्ताक्षर किए। यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष विजय खान, महामंत्री संजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार श्रीवास्तव, हुसैनुल ओला कादरी व पवन कुमार सिंह के साथ रवि उपाध्याय, आदित्य राज, सृष्टिधर महतो, प्रवीण राय, प्रियंका कुमारी, जितेंद्र कुमार, संतोष कुमार साहू और कृष्णा यादव ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।


