गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने निकले सूरज नायक, डेढ़ वर्ष तक चलेगी पदयात्रा

जमशेदपुर : गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजस्थान के कोटा निवासी सूरज नायक देशव्यापी पदयात्रा पर हैं। शनिवार को वे जमशेदपुर पहुंचे और अपनी मुहिम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी को कोटा से शुरू हुई इस पदयात्रा में उनका लक्ष्य देश के चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करना है। अब तक वह एक धाम और तीन ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं, जबकि तीन धाम और नौ ज्योतिर्लिंगों की यात्रा बाकी है।

सूरज नायक के अनुसार, वे अब तक नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर, उत्तराखंड के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम, उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ मंदिर और झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। अब उनकी यात्रा ओडिशा की ओर है।
नायक ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य धार्मिक स्थलों का भ्रमण करने के साथ समाज में एकता, सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी है। उन्होंने लोगों से जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर देशहित को सर्वोपरि रखने की अपील की। उनके मुताबिक, यह पदयात्रा लगभग डेढ़ वर्ष तक जारी रहेगी और इस दौरान वे देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को जागरूक करेंगे।


