राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर में ‘Health and Happiness’ सत्र का सफल आयोजन


Saraikela: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर में भारतीय ज्ञान प्रणाली (Indian Knowledge System – IKS) के अंतर्गत “Health and Happiness – स्वास्थ्य और प्रसन्नता” विषय पर एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंगलाचरण — ॐ सह नाववतु… ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः — के साथ हुई. कार्यक्रम का संचालन भारतीय ज्ञान प्रणाली के संयोजक डॉ. जितेंद्र कुमार ने किया. उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों का स्वागत करते हुए कहा कि “Health and Happiness जीवन जीने की कला और वैज्ञानिक दृष्टिकोण दोनों को समेटे हुए एक समग्र विषय है.”
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथियों सुमित कुमार, आर्ट ऑफ लिविंग, बेंगलुरु केंद्र,
विभु गौतम, आर्ट ऑफ लिविंग, बेंगलुरु केंद्र का शॉल ओढ़ाकर तथा श्रीमद्भगवद् गीता भेंट कर सम्मानित किया गया. उप निदेशक एवं भारतीय ज्ञान प्रणाली के अध्यक्ष प्रो. राम विनय शर्मा ने मुख्य अतिथियों का औपचारिक परिचय प्रस्तुत किया और भारतीय ज्ञान परंपरा में स्वास्थ्य एवं प्रसन्नता की अवधारणा पर अपने विचार साझा किए. उनके संबोधन को सभी प्रतिभागियों ने अत्यंत सारगर्भित और प्रेरणादायक बताया. आर्ट ऑफ लिविंग, बेंगलुरु केंद्र से आए सुमित कुमार और विभु गौतम ने स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, भावनात्मक स्थिरता, श्वास-प्रशिक्षण (Breathing Techniques), आध्यात्मिक कल्याण एवं तनाव प्रबंधन पर अपने व्यावहारिक अनुभव साझा किए. उनके विचारों ने छात्रों, संकाय सदस्यों और उपस्थित जनों को नई दृष्टि और ऊर्जा प्रदान की. सत्र के समापन पर प्रो. शैलेन्द्र कुमार ने मुख्य अतिथियों, प्रतिभागियों, IKS टीम और सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया. उन्होंने कहा कि यह सत्र भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्धि का जीवंत उदाहरण है और इससे सभी को सकारात्मक दिशा एवं प्रेरणा मिली है.




