जमीन विवाद में सब-रजिस्ट्रार की बेरहमी से हत्या, सात आरोपी गिरफ्तार



रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में जमीन विवाद को लेकर एक सब-रजिस्ट्रार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़ा बढ़ गया और मामला हिंसक रूप ले बैठा। मृतक की पहचान गिरिडीह में पदस्थापित सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल के रूप में हुई है।


पुलिस जांच में सामने आया है कि बालेश्वर पटेल जमीन से जुड़े एक विवाद में शामिल थे और इसी विवाद के चलते उन पर हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे के पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर की जाएगी।


