झारखंड बंद पर पुलिस का सख्त अलर्ट, उपद्रव किया तो FIR; 55 जगह मजिस्ट्रेट तैनात



जमशेदपुर : भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को झारखंड बंद के बीच शहर में जनजीवन सामान्य बना रहा। जेपी सेतु बस स्टैंड से रांची, धनबाद, बोकारो और चाईबासा समेत दूसरे जिलों के लिए बसें चलती रहीं। शहर में ऑटो और मिनी बसों का परिचालन भी जारी रहा। निजी और सरकारी स्कूलों में सुबह की पाली की पढ़ाई सामान्य रही और बच्चे समय पर स्कूल पहुंचे।

बंद को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिले के 55 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर 55 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। मानगो, साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई, टेल्को, परसुडीह, बागबेड़ा के अलावा घाटशिला, चाकुलिया और बहरागोड़ा में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। डिमना चौक और टाटानगर रेलवे स्टेशन पर वाटर कैनन, वज्र वाहन और अश्रुगैस टीम तैयार रखी गई हैं। एसडीओ धालभूम, एसडीओ घाटशिला, सिटी एसपी और रूरल एसपी अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन जबरन दुकान बंद कराने, एनएच-33 या रेलवे ट्रैक बाधित करने अथवा सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश पर FIR दर्ज की जाएगी। उपद्रवियों की पहचान के लिए प्रमुख चौराहों और संभावित प्रदर्शन मार्गों पर वीडियोग्राफी कराई जा रही है। फिलहाल बंद का असर सीमित है और स्कूल-कॉलेज, बस तथा ऑटो सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।


