क्राइम कंट्रोल पर सख्त कार्रवाई, एसएसपी ने थानेदारों को जारी किए कड़े निर्देश

Advertisements

जमशेदपुर : शहर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को आयोजित क्राइम मीटिंग में नगर पुलिस अधीक्षक, सभी पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की जवाबदेही को लेकर समीक्षा की। बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी सरकारी मोबाइल फोन हर समय चालू रहें और उनके नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित किया जाए, ताकि आम लोग किसी भी सूचना या शिकायत के लिए सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें। साथ ही पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन सात दिनों के भीतर पूरा कर पोर्टल पर अपलोड करने तथा किसी भी सत्यापन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए गए।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements
https://bashisthaonline.in

एसएसपी ने सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सीसीए, सर्विलांस प्रोसीडिंग, डोजियर और थाना हाजिरी की कार्रवाई तेज करने को कहा। दागी और गुंडा पंजी में दर्ज अपराधियों की नियमित हाजिरी सुनिश्चित करने तथा उन्हें भविष्य में अपराध नहीं करने की चेतावनी देने का निर्देश दिया गया। महिलाओं के खिलाफ अपराध, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों का अनुसंधान 60 दिनों के भीतर पूरा कर आरोप-पत्र दाखिल करने और आईआईएफ फॉर्म में प्रविष्टि सुनिश्चित करने को भी कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध जुआ, लॉटरी, ड्रग्स या अवैध बालू कारोबार मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी को सीधे जिम्मेदार माना जाएगा।

बैठक में अवैध हथियारों, चाकुओं और अन्य प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ लगातार एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पीसीआर, टैंगो और माइक्रो पेट्रोलिंग टीमों को नियमित गश्त करने के साथ बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थानों, ज्वेलरी दुकानों और पेट्रोल पंपों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। वहीं महिला थाना प्रभारियों को पिंक पेट्रोलिंग के साथ नियमित गश्त, महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा स्कूल, कॉलेज और पार्कों के आसपास छेड़खानी और चेन छिनतई रोकने के लिए विशेष अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया।

About The Author

You may have missed