तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचा चालक



आदित्यपुर : औद्योगिक क्षेत्र स्थित चावला मोड़ के पास गुरुवार सुबह विश्वकर्मा पूजा के दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि स्कूटी चालक बाल-बाल बच गया और उसे गंभीर चोट नहीं आई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 9 बजे की है। विश्वकर्मा पूजा के कारण औद्योगिक क्षेत्र में सामान्य दिनों की अपेक्षा लोगों और वाहनों की आवाजाही अधिक थी। इसी दौरान चावला मोड़ के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कथित तौर पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन स्कॉर्पियो सामने से आ रही स्कूटी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर गिर गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे और स्कूटी चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्कॉर्पियो में तकनीकी खराबी और ब्रेक फेल होने के दावे की भी जांच की जा रही है। चालक से पूछताछ कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय सड़क पर काफी आवाजाही थी और यदि अनियंत्रित स्कॉर्पियो किसी भारी वाहन या पैदल राहगीर की चपेट में आ जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।


