देर रात एक्शन में एसपी, प्रमुख इलाकों में औचक निरीक्षण; संदिग्धों की सघन जांच के निर्देश
Oplus_16908288

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने देर रात प्रमुख रेलवे स्टेशन, मुख्य चौक-चौराहों और अन्य संवेदनशील स्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों से सुरक्षा से जुड़ी जानकारी ली तथा रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने पर विशेष जोर दिया। पुलिसकर्मियों को असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने कहा कि रात के समय सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहनी चाहिए, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए कानून-व्यवस्था पर पैनी नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।


