नाले किनारे मिला नरकंकाल, पहचान में जुटी पुलिस से इलाके में मची सनसनी



जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा शांतिनगर इलाके में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सुनसान स्थान से नरकंकाल बरामद हुआ। कंकाल मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नरकंकाल को अपने कब्जे में ले लिया।


स्थानीय लोगों के अनुसार, नाले के किनारे मिट्टी में कुछ संदिग्ध वस्तु दिखाई दी थी। पास जाकर जांच करने पर वह इंसानी हड्डी जैसी लगी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस ने कंकाल बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शव पूरी तरह सड़-गल चुका है, जिससे सिर्फ हड्डियां बची हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कंकाल महिला का है या पुरुष का और यह कितना पुराना है। पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज हालिया गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। मौत के कारण और मृतक की पहचान के लिए कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।


