एनएच-18 पर भीषण सड़क हादसा, बाइक और गोलगप्पे के ठेले की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल


बहरागोड़ा में मंगलवार दोपहर एनएच-18 पर एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बांसदा चौक के पास एक तेज रफ्तार बाइक और गोलगप्पे के ठेले के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, बनकटा निवासी वीर सिंह हांसदा अपनी बाइक पर बेनासोली गांव की मालती माण्डी को बैठाकर बेनासोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बांसदा निवासी निरंजन साऊ अपने गोलगप्पे के ठेले के साथ सड़क की कटिंग पार कर रहे थे। वे केरुकोचा साप्ताहिक हाट जाने की तैयारी में थे।
इसी बीच बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे ठेले से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार और ठेला चालक तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से 108 एम्बुलेंस के जरिए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, ठेला चालक निरंजन साऊ को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, बाइक चालक वीर सिंह हांसदा और मालती माण्डी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।



