सामाजिक कुरीतियों और साइबर अपराध के खिलाफ सरायकेला पुलिस का बड़ा अभियान



सरायकेला : जिले में सामाजिक कुरीतियों, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा को लेकर सरायकेला पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस की टीमें गांव, पंचायत, स्कूल और कॉलेजों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। पुलिस का उद्देश्य अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से ही लोगों को सतर्क और जागरूक बनाना है।

अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विवाह, डायन-बिसाही और अन्य अंधविश्वासों के खिलाफ लोगों को कानूनी जानकारी दी जा रही है। साथ ही डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं के उपयोग की भी जानकारी दी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जागरूकता बढ़ने से सामाजिक कुरीतियों और अपराधों में कमी आएगी।
स्कूल और कॉलेजों में छात्रों को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर फ्रॉड से बचाव के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा का भी पाठ पढ़ाया जा रहा है। एसपी निधि द्विवेदी ने सभी थाना प्रभारियों और एसडीपीओ को निर्देश दिया है कि यह अभियान लगातार चलाया जाए ताकि जिले के हर गांव तक कानून और सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी पहुंच सके।


