बिना नोटिस नौकरी से हटाने पर भड़के सुरक्षा कर्मी, आंदोलन की चेतावनी



जमशेदपुर : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में काम कर रहे सुरक्षा कर्मियों को अचानक बिना पूर्व सूचना नौकरी से हटाए जाने का मामला अब गरमाने लगा है। इस फैसले से नाराज सुरक्षा कर्मियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष बब्बन राय से मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई और न्याय की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि बैंक प्रबंधन ने बिना किसी लिखित नोटिस के उन्हें अचानक काम पर आने से रोक दिया। इससे कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों की बातें सुनने के बाद बब्बन राय ने बैंक प्रबंधन के रवैये की आलोचना करते हुए आंदोलन का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मियों के हक और सम्मान के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी। इसी को लेकर शुक्रवार सुबह 10 बजे उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर प्रशासन और बैंक प्रबंधन ने जल्द समाधान नहीं निकाला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक में प्रभावित सुरक्षा कर्मियों के साथ झामुमो युवा मोर्चा के कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


