टाटानगर से रायपुर भेजी गई स्कूटी पार्सल से गायब, रसीद लेकर भटक रही महिला

जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन से रायपुर के लिए पार्सल कराई गई एक महिला की स्कूटी रास्ते से गायब हो गई है। सोनम कुमारी ने 19 नवंबर को टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस (18109) से स्कूटी बुक कराई थी और पार्सल कार्यालय ने शुल्क लेकर रसीद भी दी थी। लेकिन ट्रेन रायपुर पहुंची तो पार्सल वैन में स्कूटी नहीं मिली।

ट्रेन लौटकर टाटानगर भी आ गई, फिर भी स्कूटी का पता नहीं चला। चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी ने ‘एक्स’ पर 19 नवंबर को बुकिंग की पुष्टि की है। रायपुर मंडल के विवरण मांगने के बावजूद स्कूटी नहीं मिली है।
आशंका है कि स्कूटी टाटानगर में ट्रेन में लोड ही नहीं हुई। सोनम कुमारी ने बताया कि वे लगातार रायपुर स्टेशन के चक्कर लगा रही हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर रेल मंत्रालय से भी मदद मांगी है।


