रिम्स में अब मोबाइल पर मिलेगी जांच रिपोर्ट, पहले दिन 1000 से अधिक मरीजों को भेजा गया लिंक

रांची : रिम्स में इलाज कराने वाले मरीजों को अब जांच रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं होगी। अस्पताल ने जांच रिपोर्ट की ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत रिपोर्ट तैयार होने के बाद मरीज के मोबाइल नंबर पर लिंक भेजा जाएगा। सामान्य जांच की रिपोर्ट करीब चार घंटे में मोबाइल पर उपलब्ध हो जाएगी। जिन जांचों की रिपोर्ट तैयार होने में ज्यादा समय लगता है, उन्हें तय समय के अनुसार बाद में मोबाइल पर भेजा जाएगा।


सुविधा शुरू होने के पहले ही दिन बुधवार को 1000 से अधिक मरीजों की जांच रिपोर्ट उनके मोबाइल पर भेजी गई। इससे मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए दोबारा रिम्स आने की परेशानी कम होगी। खासकर दूर-दराज से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को इससे सुविधा मिलेगी।
रिम्स के डीएमएस डॉ. साकेत के मुताबिक इस व्यवस्था को शुरू करने के लिए लंबे समय से तैयारी चल रही थी। तकनीकी समेत दूसरी अड़चनों को दूर करने के बाद अब इसे लागू किया गया है। अस्पताल प्रशासन को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से जांच रिपोर्ट मिलने की प्रक्रिया अधिक आसान और तेज होगी।


