रणजी ट्रॉफी: झारखंड और दिल्ली के बीच मुकाबला अक्तूबर से, विराट सिंह संभालेंगे कमान

रांची : रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी में झारखंड और दिल्ली के बीच चार दिवसीय मुकाबला सोमवार 26 अक्तूबर से जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जायेगा. मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा. झारखंड की टीम घरेलू मैदान पर बेहतर प्रदर्शन कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से उतरेगी, जबकि दिल्ली की टीम भी कड़ी चुनौती पेश करने की तैयारी में है.


झारखंड की कप्तानी विराट सिंह और दिल्ली की कप्तानी आयुष वडोनी कर रहे हैं. झारखंड की टीम में विराट सिंह के अलावा रॉबिन मिंज, अनुकूल रॉय और कौनैन कुरैशी समेत अन्य खिलाड़ी शामिल हैं. वहीं, दिल्ली की टीम में यश ढुल, नवदीप सैनी और सिमरजीत सिंह जैसे खिलाड़ी हैं. घरेलू मैदान पर झारखंड के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी में संतुलित प्रदर्शन करना अहम होगा.
मुकाबले से पहले झारखंड की टीम में दो बदलाव किये गये हैं. प्रमुख बल्लेबाज शिखर मोहन के इंडिया-ए टीम में चयन के कारण उनकी जगह बोकारो के 33 वर्षीय बल्लेबाज कुमार देवव्रत को शामिल किया गया है. देवव्रत ने जनवरी 2024 में अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मैच खेला था. उन्होंने 55 प्रथम श्रेणी मैचों में 32.51 की औसत से 2,666 रन बनाये हैं, जिनमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं. वहीं, साहिल राज की जगह रांची के शुभ शर्मा को टीम में शामिल किया गया है. झारखंड टीम में विराट सिंह (कप्तान), आदित्य सिंह, जतिन पांडे, मनीपी सिंह, रॉबिन मिंज, शौरभ शेखर, कुमार देवव्रत, सुशांत मिश्रा, अनुकूल रॉय, कौनैन कुरैशी, प्रत्युप सिंह, शुभ शर्मा, शरणदीप सिंह भाटिया, श्रेष्ठ सागर और उत्कर्ष सिंह शामिल हैं.


