रामायण के क्लाइमेक्स पर रणबीर कपूर का बड़ा खुलासा, यश के साथ नहीं हुई अभी शूटिंग






मुंबई : नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण को लेकर रणबीर कपूर ने बड़ा अपडेट दिया है। फिल्म में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर ने बताया कि कहानी के क्लाइमेक्स में राम और रावण का आमना-सामना होता है, लेकिन इस हिस्से की शूटिंग अभी तक पूरी नहीं हुई है। रणबीर ने यह भी कहा कि इसी वजह से उनकी और यश की साथ में शूटिंग करने का मौका अभी नहीं आया है।


फिल्म में यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। रणबीर ने यश की भूमिका की तारीफ करते हुए कहा कि उनके स्टारडम, आभा और अंदाज की वजह से वह इस किरदार के लिए बिल्कुल सही चुनाव हैं। उन्होंने बताया कि यश ने रावण के किरदार को एक अलग ऊर्जा और प्रभाव के साथ पेश किया है।
रामायण में रणबीर कपूर और यश की जोड़ी को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। हालांकि फिल्म के पहले भाग में दोनों कलाकारों के आमने-सामने आने को लेकर पहले भी जानकारी सामने आ चुकी है कि उनका बड़ा मुकाबला आगे की कहानी में दिखाया जाएगा।


