गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, 9 अक्टूबर तक मौसम संबंधी चेतावनी

रांची : राजधानी में बुधवार, 7 अक्टूबर को आसमान में बादल छाये रहने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम केंद्र रांची और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में बारिश की संभावना करीब 50 प्रतिशत तक है। बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवा चल सकती है। पूर्व या दक्षिण-पूर्व दिशा से करीब 4 से 5 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। 8 अक्टूबर को भी बादल छाये रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार 9 अक्टूबर को रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर राज्य के शेष हिस्सों में कहीं-कहीं वज्रपात की आशंका जतायी गयी है। मौसम विभाग ने 9 अक्टूबर तक राज्य में मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है। 10 अक्टूबर को रांची में आंशिक रूप से बादल छाये रह सकते हैं, लेकिन बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। 11 अक्टूबर से आकाश साफ रहने और मौसम शुष्क होने के आसार हैं।
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 3 अक्टूबर से झारखंड से पीछे हटना शुरू कर दिया है, लेकिन रांची में बारिश की गतिविधियां पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं। 7 से 9 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 10 से 12 अक्टूबर के दौरान बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने और इसके बाद राजधानी में मौसम सामान्य व शुष्क होने की संभावना है।


