18 सितंबर तक रोज बारिश के आसार, 16 सितंबर तक येलो अलर्ट

जमशेदपुर : शहर में रविवार सुबह से धूप खिली रही, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 सितंबर तक जमशेदपुर में हर दिन एक स्पेल बारिश होने के आसार हैं। झारखंड में भी मौसम का असर बना रहेगा और बारिश को लेकर 16 सितंबर तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।

शनिवार को जमशेदपुर में दो स्पेल में बारिश हुई। सुबह 9 बजे से बादल छाने लगे थे। दोपहर करीब 1 बजे एक स्पेल बारिश हुई, जबकि शाम 4 बजे कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश दर्ज की गयी। पिछले 24 घंटे में शहर में 3.0 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई, जिससे मौसम में नमी बढ़ गयी।
शनिवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।


