मतदाता जागरूकता के लिए क्विज, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

चाईबासा : नए मतदाताओं को जागरूक करने और निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर ईएलसी प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के ईएलसी समन्वयक उपस्थित रहे।


उपायुक्त ने बताया कि जिले में 2 नवंबर से 18 नवंबर तक विद्यालय, विधानसभा और जिला स्तर पर मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर 2 नवंबर से 7 नवंबर, विधानसभा क्षेत्र स्तर पर 10 नवंबर से 13 नवंबर तथा जिला स्तर पर 16 नवंबर से 18 नवंबर तक प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें क्विज, निबंध, भाषण सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल हैं। इसके अलावा 2 नवंबर से 10 नवंबर तक ‘आवाज’ भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।


