छठ के बाद चास में बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी, लो वोल्टेज ने भी किया बेहाल

बोकारो : छठ महापर्व समाप्त होते ही चास और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सोमवार रात से मंगलवार देर शाम तक बिजली की आंखमिचौली जारी रही। चास के गुरुद्वारा, गंधाजोड़, मामरकुदर और कालापत्थर समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं, कालापत्थर, आमडीह सहित आसपास के गांवों में बिजली कटौती के साथ लो वोल्टेज की समस्या भी बनी रही।


बिजली की अनियमित आपूर्ति से घरेलू कामकाज, पेयजल व्यवस्था और बिजली से चलने वाले उपकरणों का संचालन प्रभावित हुआ। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि छठ महापर्व के दौरान बिजली विभाग ने निर्बाध आपूर्ति की, लेकिन पर्व समाप्त होते ही कटौती शुरू हो गई। अचानक बिजली व्यवस्था बिगड़ने से लोगों में नाराजगी है।
इस संबंध में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता एसडी तिवारी ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में लोकल फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। खराबी दूर करने के लिए विभागीय कर्मचारियों को लगाया गया था। उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति सामान्य करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।


