पुलिसकर्मी बन महिला से उतरवाए सोने के 6 कंगन, कागज में थमाए नकली



जमशेदपुर : साकची में बुधवार को दो युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर साकची रामलीला मैदान के पास रहने वाली मैत्रेयी मजुमदार से सोने के छह कंगन ठग लिये। महिला अपने फ्लैट से निकलकर साकची बाजार जा रही थीं, तभी दोनों ने उन्हें रोका और शहर में लगातार छिनतई होने की बात कहकर सुरक्षा के लिए कंगन उतारने को कहा। पुलिसकर्मी समझकर महिला ने अपने कंगन उतार दिये।


दोनों युवकों ने कंगन कागज में लपेटकर रखने को कहा और इसी दौरान असली कंगन बदलकर नकली कंगन महिला को थमा दिये। इसके बाद दोनों फरार हो गये। घर पहुंचकर मैत्रेयी ने पर्स से कंगन निकाले तो ठगी का पता चला। उन्होंने परिजनों को जानकारी देने के बाद साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


