ब्राउन शुगर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम से धक्का-मुक्की, एक जवान घायल

रांची : हिंदपीढ़ी इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और छीना-झपटी का मामला सामने आया है। कोतवाली एसपी निखिल राय के मुताबिक, टाइगर-24 टीम को हिंदपीढ़ी इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।


पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और छीना-झपटी हुई। इस दौरान एक जवान के घायल होने की भी जानकारी सामने आई। स्थिति की सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया।
पुलिस ने जांच के दौरान घटना में शामिल कुछ लोगों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एसपी निखिल राय ने कहा कि पुलिस टीम के साथ मारपीट के मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


