व्यापारियों की सुरक्षा और साइबर अपराध पर पुलिस-चैंबर की बैठक, बैंक खाते डी-फ्रीज करने की उठी मांग

बोकारो : बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक नाथु सिंह मीणा से मुलाकात कर व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और साइबर अपराध का मुद्दा उठा। चैंबर ने व्यापारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस प्रशासन से बेहतर समन्वय की अपेक्षा जताई। अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि सुरक्षित माहौल और सुगम यातायात व्यापारिक गतिविधियों के लिए जरूरी है।

महामंत्री राजकुमार जायसवाल ने साइबर अपराध से जुड़े मामलों में व्यापारियों के बैंक खाते फ्रीज होने की समस्या रखी। उन्होंने कहा कि कई बार साइबर अपराधी व्यापारिक प्रतिष्ठानों से सामान खरीदकर डिजिटल भुगतान करते हैं और बाद में उस लेन-देन की जांच के दौरान व्यापारी का खाता फ्रीज कर दिया जाता है, जबकि उसका अपराध से कोई संबंध नहीं होता। इससे कारोबार प्रभावित होने के साथ आर्थिक और मानसिक परेशानी होती है। उन्होंने निर्दोष व्यापारियों के खाते जल्द डी-फ्रीज कराने के लिए सरल व्यवस्था बनाने की मांग की।
आरक्षी अधीक्षक ने व्यापारियों को भयमुक्त होकर कारोबार करने का भरोसा दिया और कहा कि पुलिस सुरक्षा एवं सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में डीएसपी राजीव रंजन, पवन कुमार, अजय कुमार, थाना प्रभारी नीतीश कुमार सहित सिद्धार्थ पारिख, नरेंद्र सिंह, मुकेश अग्रवाल, अजय केडिया और रवि शंकर प्रसाद मौजूद थे।


