अवैध लकड़ी लदा पिकअप वैन पकड़ाया, चालक के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज

चाकुलिया : चाकुलिया वन क्षेत्र में अवैध लकड़ी की कटाई और परिवहन का मामला सामने आया है। क्षेत्र में लकड़ी माफिया द्वारा विभिन्न इलाकों में पेड़ों की कटाई कर लकड़ी के बोटे और जलावन की लकड़ियों का परिवहन किए जाने की बात सामने आ रही है। शनिवार देर शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पुरनापानी गांव की मुख्य सड़क पर अवैध रूप से लकड़ी के बोटे ले जा रहे एक पिकअप वैन को चालक समेत पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए मामला वन विभाग को सौंप दिया।
पुलिस की कार्रवाई से अवैध लकड़ी के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। वन विभाग ने अवैध रूप से चरला की लकड़ी के बोटों का परिवहन करने के आरोप में वाहन चालक के खिलाफ वन अधिनियम 1927 के तहत मामला दर्ज किया है।
वन विभाग के कर्मचारियों के अनुसार, आरोपी चालक सह वाहन मालिक चिंयाबांधी गांव निवासी शैलेन महतो है। विभाग ने बताया कि उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।



