सरयू टीओपी परिसर में बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न



सरयू:आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को सरयू टीओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सरयू प्रखंड विकास पदाधिकारी आशा साहू एवं सरयू टीओपी प्रभारी राजकुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से बकरीद पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और शांति के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने की बात कही गई।अधिकारियों ने लोगों से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। साथ ही पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई।बैठक में मौजूद गणमान्य लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर काफी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं विभिन्न समुदायों के लोग उपस्थित थे।



